-
पंचशिख n. एक प्राचीन ऋषि । इसे ‘पंच कोशों’ का एवं उन कोशों के बीच में स्थित ब्रह्म का अग्निशिखा के समान तेजस्वी ज्ञान था । इसलिये इसे ‘पंचशिख’ नाम प्राप्त हुआ था [म.शां.२११.६१२] । इसकी माता का नाम कपिला था । कपिला इसकी जन्मदात्री माता नहीं थी । उसका दूध पी कर यह बडा हुआ था । इसकी माता के नाम से, इसे ‘कापिलेय’ मातृक नाम प्राप्त हुआ । सांख्य ग्रंथों में इसे ‘कपिल’ कहा गया है [मत्स्य.३.२९] ।
-
पंचशिख n. यह याज्ञवल्क्यशिष्य आसुरि ऋषि का प्रमुख शिष्य था [म.शां.२११.१०] । ‘बृहदारण्यक उपनिषद’ में इसकी गुरुपरंपरा इसप्रकार दी गयी हैः---उपवेशी, अरुण, उद्दालक, याज्ञवल्क्य, आसुरि, पंचशिख [बृहदारण्युअक.६.५.२-३] । पुराणों में इसकी गुरुपरंपरा कुछ अलग दी गयी है, जो इस प्रकार हैः---वोढु, कपिल, आसुरि, पंचशिख [वायु.१०१.३३८] । इस गुरुपरंपरा में से कपिल ऋषि पंचशिख ऋषि का परात्पर गुरु (आसुरि नामक गुरु का गुरु) था । महाभारत में, कपिल एवं पंचशिख इन दोनों को एक मानने की भूल की गयी है [म.शां.३२७.६४] । उस भूल के कारण, पंचशिख को चिरंजीव उपाधि दी गयी, जो वस्तुतः कपिल ऋषि की उपाधि थी [म.शां.२११.१०] । सांख्यशास्त्र के अभ्यासक, कपिल ऋषि को ब्रह्माजी का अवतार समझते हैं, एवं पंचशिख को कपिल का पुनरावतार मानते हैं ।
-
पंचशिख n. मिथिला देश का राजा जनदेव जनक पंचशिख ऋषि का शिष्य था । उससे इसका ‘नास्तिकता’ के बारे में संवाद हुआ था [नारद.१.४५] । इस संवाद के पश्चात्, जनदेव जनक ने अपने सौ गुरुओं को त्याग कर, पंचशिख को अपना गुरु बनाया । फिर इसने उसे सांख्य तत्त्वज्ञान के अनुसार, मोक्षप्राप्ति का मार्ग बताया । निवृत्तिमार्ग के आचरण से जनन-मरण के फेरें से मुक्ति एवं परलोक की सिद्धि कैसा प्राप्त हो सकती है, इसका उपदेश पंचशिख ने जनदेव जनक को दिया [म.शां.२११-२१२] । पंचशिख का एक और शिष्य धर्मध्वज जनक राजा था [म.शां.३०८] । महाभारत में प्राप्त ‘सुलभा धर्मध्वज जनक संवाद’ में धर्मध्वज नें इसे अपना गुरु कहलाता है । भारतीय षड्-दर्शनों की परंपरा में ‘सांख्यदर्शन’ सब से प्राचीन है । उस शास्त्र् के दर्शनकारों में पंचशिख पहला दार्शनिक आचार्य माना जाता है । निम्नलिखित लोगों को पंचशिख ने ‘सांख्यशास्त्र’ सिखाया थाः---(१) धर्मध्वज जनक; (२) विश्वावसु गंधर्व [म.शां.३०६.५८] ; (३) काशिराज संयमन [म.शां.परि.१.क्र.२९] । पंचशिख ‘पराशरगोत्रीय’ था । संन्यासधर्म एवं तत्त्वज्ञान का इसे पूर्ण ज्ञान था । यह ब्रह्मनिष्ठ था, एवं इसमें ‘उहापोह’ (ब्रह्मज्ञान का ग्रहण एवं प्रदान ) की शक्ती थी । इसने एक सहस्त्र वर्षो तक ‘मानसयज्ञ’ किया था । ‘पंचरात्र’ नामक यज्ञ करने में यह निष्णात था [म.शां.२११] ;[नारद.१.४५] । शुल्कयजुर्वेदियों के ‘ब्रह्मयज्ञांगर्पण’ में इसका निर्देश प्राप्त है पारस्करगृह्य. परिशिष्ट;[मत्स्य.१०२.१८] ।
-
पंचशिख n. ‘सांख्यशास्त्र’ पर इसने ‘षष्टितंत्र’ नामक एक ग्रंथ भी लिखा था [योगसूत्रभाष्य.१.४,२.१३,३.१३] । वह ग्रंथ आज उपलब्ध नहीं है । सांख्यदर्शन पर उपलब्ध होनेवाला प्राचीनतम ग्रंथ ईश्वरकृष्ण का ‘सांख्यकारिका’ है । ईश्वरकृष्ण का काल चौथी शताब्दी के लगभग माना जाता है ।
Site Search
Input language: